देवरिया : बाईको पर लदी 126 पेटी शराब के साथ आठ तस्कर गिरफ्तार

असगर अली ब्यूरो चीफ/देवरिया । जनपद की श्रीरामपुर थाने की पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए बिहार ले जाई जा रही 126 पेटी देशी शराब के साथ आठ शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त आठ बाइक भी बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के चित्रसेन बनकटा स्थित मैदनिया देशी शराब भट्टी के पास वाहन चेकिंग के दौरान बाइक पर शराब लादकर बिहार की ओर जा रहे आठ तस्करों को घेराबंदी कर दबोच लिया।तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 103 पेटी बंटी-बबली तथा 23 पेटी रोमियो राजा ब्रांड की देशी शराब, कुल 126 पेटी शराब बरामद हुई। मौके से शराब ढोने में प्रयुक्त आठ बाइक भी जब्त कर ली गई। पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों की पहचान बिहार के सीवान जिला के मैरवा थाना क्षेत्र के कबीरपुर निवासी विक्की राजभर, विशुनपुरा निवासी राहुल कुमार गुप्ता, विजयीपुर निवासी नीपू कुमार बैठा, सेवतापुर निवासी प्रियांशु कुमार सिंह, डोमडीह निवासी विशाल तिवारी, ईमलौली निवासी राहुल कुमार यादव, सुमेरपुर निवासी यश सिंह तथा बंधुछापर निवासी नितेशकुमार पाठक के रूप में हुई। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आशीष राय, मनीष कुमार त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल हरिकेश गुप्ता तथा कांस्टेबल दीपक राजभर, राजेंद्र राव, राजकुमार, चंद्रेश यादव, रवि प्रकाश पटेल, चंगेज खान, प्रभात कुमार और अशोक कुमार शामिल रहे।



