बुलंदशहर में NIA का बड़ा एक्शन : अब्दुल कादिर समेत तीन भाइयों के ठिकानों पर छापेमारी
सुबह 8 बजे शुरू हुई कार्रवाई, भारी सुरक्षा बल तैनात

बुलंदशहर, संवाददाता मोहित त्यागी। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आज सुबह बुलंदशहर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सुबह करीब 8 बजे NIA की टीम ने स्थानीय पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ मिलकर शहर के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। मिली जानकारी के अनुसार मुख्य कार्रवाई बुलंदशहर के मोहल्ला इंटारोड़ी में चल रही है। यहां अब्दुल कादिर के घर के अलावा दो अन्य ठिकानों पर NIA टीम ने दस्तक दी है। बताया जा रहा है कि अब्दुल कादिर के साथ उसके दो भाई फैजल और बिलाल के ठिकानों पर भी एक साथ छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। NIA टीम के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल और जिला पुलिस के जवान तैनात हैं। मोहल्ला इंटारोड़ी और आसपास के इलाके को चारों तरफ से सील कर दिया गया है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को छापेमारी वाले ठिकानों के पास जाने की अनुमति नहीं है। अंदर से भी किसी को बाहर नहीं आने दिया जा रहा। NIA की छापेमारी अभी भी लगातार जारी है। हालांकि यह कार्रवाई किस सिलसिले में या किस मामले को लेकर की जा रही है, इस पर अभी तक NIA या स्थानीय पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा किया जाएगा। इलाके में तनाव न हो इसके लिए अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है।



