Slide 1
Slide 1
उत्तर प्रदेश

वाराणसी : सोलर दीदी को ऊर्जा मंत्री ने प्रमाण-पत्र दे किया सम्मानित 

लाभार्थियों को समय पर मिले योजना का लाभ - मंत्री ए के शर्मा

वाराणसी। प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत तथा नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक शीघ्रता से पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों, बैंकों एवं वेंडरों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए योजना के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। सर्किट हाउस सभागार में आयोजित पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री श्री शर्मा ने योजना की प्रगति, उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वाराणसी जनपद में कार्यरत वेंडरों से सीधे संवाद कर जमीनी स्तर पर आ रही चुनौतियों की जानकारी प्राप्त की तथा उनके त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि प्री-कॉन्फिगर्ड मीटरों की स्थापना में तेजी लाई जाए तथा पहले से स्थापित मीटरों का कॉन्फिगरेशन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब योजना की गति को प्रभावित करता है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में उन्होंने विभिन्न बैंकों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए। पात्र आवेदकों से केवल आवश्यक दस्तावेज ही लिए जाएं तथा बिना उचित कारण किसी भी आवेदन को अस्वीकृत न किया जाए। उन्होंने कहा कि आसान वित्तीय सहायता योजना की सफलता का महत्वपूर्ण आधार है।

श्री शर्मा ने यूपीनेडा द्वारा अप्रैल एवं मई माह में सौर ऊर्जा स्थापना के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष श्रेणी में स्थान प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय वेंडरों, उपभोक्ताओं, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के संयुक्त प्रयासों को देते हुए सभी को बधाई दी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से उत्तर प्रदेश स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सभी विभागों और संस्थाओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए प्रदेश को इस योजना के अंतर्गत देश में प्रथम स्थान पर स्थापित करने का लक्ष्य हासिल करना होगा। इससे न केवल आम नागरिकों के बिजली खर्च में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी नई मजबूती मिलेगी। बैठक के दौरान मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने “सोलर दीदी” को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया तथा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में विधायक कैंट श्री सौरभ श्रीवास्तव, प्रबंध निदेशक, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड श्री शंभू कुमार, नगर आयुक्त श्री हिमांशु नागपाल, निदेशक यूपी नेडा,पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, मुख्य प्रबंधक आरईसीएल, यूपीनेडा के प्रशासनिक अधिकारी, परियोजना अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button