Slide 1
Slide 1
विदेश

International News मिशन गल्फ : कतर पीएम से मिले जयशंकर, रणनीतिक रिश्तों पर मंथन

 

दोहा। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 5 से 10 जुलाई तक कतर, बहरीन, कुवैत और ओमान की महत्वपूर्ण छह दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार इस खाड़ी दौरे के पहले चरण में उन्होंने दोहा में कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जसीम अल थानी से उच्च स्तरीय मुलाकात की। बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय और रणनीतिक संबंधों को और गहरा करने पर विस्तृत चर्चा हुई। डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से मिलकर खुशी हुई। भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। हमारे द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं, विशेष रूप से ऊर्जा, व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी, सुरक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों की समीक्षा की। हमारी रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने के लिए नए अवसरों का पता लगाया। पश्चिम एशिया संघर्ष और उसके प्रभाव पर उनके आकलन को साझा करने की सराहना की। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा उन्होंने आपसी हित के क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर भी चर्चा की। विदेश मंत्री ने अमेरिका-ईरान के बीच चल रही बातचीत में कतर द्वारा निभाई गई प्रमुख और सक्रिय मध्यस्थता भूमिका की सराहना की।

अपने इस दौरे के दौरान विदेश मंत्री ने भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत की और क्षेत्रीय संघर्ष के चुनौतीपूर्ण समय के दौरान उनके धैर्य की सराहना की। साथ ही उन्होंने भारत-कतर साझेदारी को गहरा करने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की भी प्रशंसा की।अमेरिका-ईरान समझौते के बाद बदलते क्षेत्रीय परिदृश्य में विदेश मंत्री जयशंकर का खाड़ी दौरा रणनीतिक, आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम है। कतर की मध्यस्थ भूमिका की सराहना के साथ ही, यह यात्रा खाड़ी देशों से द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में भारत की स्थिति को सुदृढ़ करने के कूटनीतिक मायने रखती है। कतर की यात्रा संपन्न करने के बाद डॉ. जयशंकर अपने तय कार्यक्रम के तहत बहरीन, कुवैत और ओमान के शीर्ष नेतृत्व तथा अपने समकक्षों से वार्ता करने के लिए आगे बढ़ेंगे। 10 जुलाई को यह खाड़ी दौरा समाप्त होने के बाद, वे 13 जुलाई को न्यूयॉर्क जाएंगे, जहां वे यूएनएससी के 2028-29 कार्यकाल के लिए भारत के आधिकारिक अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद, 14-15 जुलाई को वे बेल्जियम के ब्रुसेल्स में आयोजित होने वाली तीसरी भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे।

(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button