Slide 1
Slide 1
वाराणसी

वाराणसी : जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में लाएं तेजी – ए.के. शर्मा

नगर विकास एवं सौर ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक,दिए कड़े निर्देश

वाराणसी । नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने सर्किट हाउस सभागार में विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने नगर निकायों एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। नगर विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नालियों एवं जलनिकासी तंत्र की व्यापक सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी नगर निकाय पूर्व तैयारियां समय रहते पूर्ण कर लें। उन्होंने सड़क किनारे एवं डिवाइडरों के आसपास फैली गंदगी को हटाने, वहां पौधरोपण कर सुंदरीकरण करने तथा नगरों को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, हरियाली और बेहतर शहरी आधारभूत सुविधाएं किसी भी शहर की पहचान होती हैं, इसलिए नगर निकाय नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्माणाधीन एवं संचालित विकास परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने नगर विकास से संबंधित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, खराब ट्रांसफार्मरों के त्वरित प्रतिस्थापन तथा विद्युत वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने से जुड़े बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को निरंतर, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी एवं मानसून के मौसम में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को विशेष रूप से सुदृढ़ रखा जाए तथा संभावित तकनीकी बाधाओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्युत संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि 1912 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग से जुड़ी सेवाएं सीधे आमजन के जीवन को प्रभावित करती हैं, इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास करें। बैठक के दौरान नगर आयुक्त श्री हिमांशु नागपाल, नगर विकास विभाग के अधिकारीगण तथा ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button