वाराणसी : मानसून ने पकड़ी रफ्तार,यूपी में सोनभद्र के रास्ते 18 जून तक एंट्री

वाराणसी। मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है।मानसून केरल को पार कर आगे बढ़ रहा है। पूर्वांचल सहित वाराणसी में सोनभद्र के रास्ते मानसून 18 जून को एंट्री करेगा।इस बार मानसून की एंट्री जल्द हुई। मानसून देर से केरल तक पहुंचा। इसके पहुंचने के साथ ही रफ्तार में भी तेजी आई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को मानसून को केरल के पार पहुंचने का अपडेट जारी कर दिया है। अब तीन दिन विलंब से आने के बाद मानसून के जल्द ही रफ्तार पकड़ने का अनुमान है। मानसून केरल की ओर से तेजी से बढ़कर कर्नाटक तक पहुंचा है तो दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में भी मानसून ने रफ्तार पकड़ी है।उड़ीसा सहित छत्तीसगढ़ और झारखंड को पारकर मानसूनी बादल सोनभद्र में घुसने के लिए आतुर हैं।सोनभद्र के खोड़वा पहाड़ पर मानसूनी बादलों का झुरमुट पहले ही दिखने लगता है।इससे यहां के आदिवासी जन खेती किसानी की ओर खोड़वा पहाड़ को देखने के बाद ही रुख करते हैं। इन दिनों सोनभद्र में मानसून की ओर आदिवासी टकटकी लगाकर देख रहे हैं। 1 जून को केरल के रास्ते पहुंचने वाला मानसून इस बार तीन दिन देरी से पहुंचा है,लेकिन रफ्तार इतनी थी कि एक ही दिन में केरल को पार कर कर्नाटक में प्रवेश कर चुका है।अगर यही रफ्तार बरकरा रही है तो माना जा रहा है कि यूपी में तय समय पर ही मानसून आ जाएगा।मानसून हर साल सोनभद्र जिले के रास्ते ही यूपी में प्रवेश करता रहा है।कभी कभार ही मानसून उत्तरी हिस्से में बिहार के रास्ते से प्रवेश किया होगा,लेकिन इस बार मानसून के सक्रिय होने से इसके जल्द ही यूपी में दो सप्ताह के बाद प्रवेश होने का अनुमान जताया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में सोनभद्र सहित वाराणसी ,चंदौली और मीरजापुर में प्री मानसूनी परिस्थितियां सक्रिय हो चली हैं। मानसून के हालात सक्रिय होने के बाद ही यूपी के पूर्वांचल में मानसून की अकुलाहट नमी और पुरवा के मेल के रूप में सामने आ रही है।लोकल हीटिंग होने के बाद बादल भी बन रहे हैं,लेकिन तेज बारिश की सूरत फिलहाल नहीं बन सकी है। माना जा रहा है कि 25 जून तक मानसून राजधानी लखनऊ तक भी पहुंच जाएगा। गुरुवार सुबह ठंडी पुरवा हवाओं का जोर बना रहा और दिन चढ़ने के साथ ही धूप खिली तो धूप ने लोगों को पसीना पसीना भी किया।माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में प्री मानसूनी हालात लोकल हीटिंंग होने पर बारिश भी करा सकते हैं।हालांकि उसके पहले दिन की धूप में बादलों की आवाजाही राहत देगी तो उमस का पुरवा से मेल होने के साथ ही बादलों की सघनता भी बढ़ेगी। मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही शुरू होने का संकेत दिया है।



