नई दिल्ली : सीएम रेखा ने बदल दिए सरकारी दफ्तरों के नियम
अब मंत्रियों को भी करना होगा ये काम

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को एक हाई लेवल मीटिंग की। सीएम रेखा ने प्रशासन को सुधारने और फिजूलखर्ची रोकने के लिए 10 ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर अमल करते हुए सीएम रेखा ने खुद के काफिले से इसकी शुरुआत की। अब उनके काफिले में सिर्फ 4 गाड़ियां होंगी। राजधानी दिल्ली को जाम और प्रदूषण से बचाने के लिए अब सरकारी दफ्तरों में हफ्ते में 2 दिन वर्क फ्रॉम होम रहेगा। प्राइवेट कंपनियों से भी ऐसा ही करने की अपील की गई है। साथ ही इसके अलावा दफ्तरों का समय बदल दिया गया है। रेखा सरकार के ऑफिस अब सुबह 10:30 से शाम 7 बजे तक खुलेंगे। भीड़ कम करने के लिए 50 फीसदी मीटिंग्स अब सिर्फ ऑनलाइन के जरिए की जाएंगी। रेखा सरकार ने मंत्रियों और अधिकारियों के फिजूलखर्ची पर भी लगाम कसी है।अब सरकारी गाड़ियों के पेट्रोल के कोटे में 20 फीसदी की कटौती कर दी गई है।हर सोमवार को सभी मंत्री और बड़े अधिकारी अपनी गाड़ियों से नहीं बल्कि मेट्रो से दफ्तर जाएंगे। इतना ही नहीं अगले एक साल तक कोई भी मंत्री या अफसर सरकारी खर्च पर विदेश दौरे पर नहीं जा सकेगा और 6 महीने तक कोई नई गाड़ी भी नहीं खरीदी जाएगी। बिजली बचाने के लिए सरकारी दफ्तरों में AC का तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच फिक्स रहेगा। सीएम रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि दिल्ली सरकार अब सिर्फ मेड इन इंडिया सामानों का ही इस्तेमाल करेगी। आम जनता को मेट्रो तक पहुंचाने के लिए 29 कॉलोनियों में 58 नई फीडर बसें भी चलाई जाएंगी। जनता से भी अपील की गई है कि वे हफ्ते में कम से कम एक दिन अपनी निजी गाड़ी का इस्तेमाल ना करें।




