पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा
यात्रियों से भरी बस पलटी, दो दर्जन से अधिक घायल

सुलतानपुर। जनपद में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जब लुधियाना से आजमगढ़ जा रही यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पलट गई। यह दुर्घटना धनपतगंज थाना क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 108 पर सुबह करीब 6 बजे हुई, जिसमें दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारु निगम तत्काल घटनास्थल व अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन द्वारा तुरंत एंबुलेंस और आपातकालीन टीमों को मौके पर भेजा गया, जिससे घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जा सका। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरेभार भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायल एक 5 वर्षीय बच्ची सहित 12 लोगों को मेडिकल कॉलेज, सुलतानपुर रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज जिला चिकित्सालय में जारी है। धनपतगंज थानाध्यक्ष अंजू मिश्रा ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं, बस में सवार अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक बस की व्यवस्था की गई। प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था कराई गई। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है और प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा हैं।




