
असगर अली, ब्यूरो चीफ / देवरिया। जनपद में बाबा राघव दास स्नातकोत्तर महाविद्यालय के बी.एड संकाय के छात्र-छात्राओं ने सामाजिक असमानता, लिंग विभेद, स्वच्छता, नशा मुक्ति, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल साक्षरता के लिए जागरूकता रैली निकाली। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रताप नारायण सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. प्रताप नारायण सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी रैलियां समाज में जागरूकता फैलाने का एक सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने नशा मुक्ति पर जोर देते हुए बताया कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।प्राचार्य ने असभ्य विचार, आचरण और गलत आदतों को भी एक प्रकार का नशा बताया और उनसे दूर रहने की अपील की। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए कहा कि शिक्षित और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक महिला ही सशक्त भारत की आधारशिला है। प्रो. सिंह ने छात्र-छात्राओं से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। यह रैली महाविद्यालय से शुरू होकर आरटीओ कार्यालय और पुरवा चौराहे से होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर में समाप्त हुई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने “स्वस्थ जीवन की यही पहचान, नशा मुक्त हो हर इंसान”, “बेटी पढ़ेगी तभी दुनिया बढ़ेगी” और “समान अधिकार, समान सम्मान – यही है सशक्त भारत की पहचान” जैसे नारे लगाए। इस कार्यक्रम में बी.एड विभाग के प्रो. डॉ. के.डी. तिवारी, प्रो. लोकेश त्रिपाठी, प्रो. एम.आर.पी. सिंह, डॉ. संजय कुमार, डॉ. महबूब आलम सहित अन्य शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



