मऊ : मोदी सरकार की नीतियों के कारण जनता महंगाई और गैस संकट से परेशान — विक्रम
दामों में वृद्धि और गैस की किल्लत के विरोध में आप पार्टी का जोरदार विरोध प्रदर्शन

जिला संवाददाता/देश में लगातार बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और गैस सिलेंडर की किल्लत के विरोध में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर शनिवार को आम आदमी पार्टी, उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालयों पर जोरदार प्रदर्शन किया और महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। मऊ में यह प्रदर्शन आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि आज देश की जनता महंगाई और गैस संकट से जूझ रही है। गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के कारण लोगों को लंबी लाइनों में लगने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में ₹120 की वृद्धि ने आम जनता और छोटे व्यापारियों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारियों के सामने आज गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। देश के कई हिस्सों से छोटे व्यवसायों के बंद होने की खबरें सामने आ रही हैं, जो सरकार की नीतियों की विफलता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि देश में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है, जिसका बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हार्मुज़ के रास्ते भारत पहुंचता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार ने इस गंभीर स्थिति से निपटने के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी करने के कारण देश को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसका सीधा असर महंगाई के रूप में देश की जनता पर पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गैस और ऊर्जा क्षेत्र में कुछ निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे छोटे और मध्यम उद्योगों पर भी गंभीर आर्थिक दबाव पड़ रहा है और बेरोजगारी की स्थिति तेजी से बढ़ रही है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने व्यंग्य करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार यह कहते हैं कि नाले की गैस से भी चाय बनाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने भी मऊ में नाले से गैस निकालने की कोशिश की, लेकिन यहां के नालों से गैस नहीं निकल पाई क्योंकि यहां के नाले भ्रष्टाचार से लिप्त हैं। यह स्थिति बताती है कि सरकार की योजनाएं जमीन पर कितनी विफल हैं। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में हजारों छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं और उद्योग बंद होने की स्थिति पैदा हो रही है। यदि केंद्र सरकार ने समय रहते महंगाई और ऊर्जा संकट पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए तो देश की आर्थिक स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम दिए गए ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई हालिया वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए, गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए तथा बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करे। इस प्रदर्शन में अवधेश मौर्या, अविनाश सिंह लाला, पुष्पेंद्र राणावत, मनोज कुमार, विजय यादव, रीता भारती, इकबाल अहमद, अंकुर यादव, सुभाष यादव, बिपिन कुमार, ऋषिकेश पांडे, जयराम यादव सहित आम आदमी पार्टी के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने बढ़ती महंगाई और गैस की कीमतों के मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आम आदमी पार्टी देशभर में जन आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य होगी।



