
सतीश कुमार पांडेय/मऊ। घोसी नगर के काजीपुरा मोहल्ला निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता अहमद जफरुल इस्लाम का मंगलवार देर शाम निधन हो गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर घोसी सिनेमा हॉल के पास उनका सड़क हादसा हो गया था जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए आज़मगढ़ स्थित लाइफ लाइन हॉस्पिटल ले गए जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। चिकित्सकों द्वारा भरसक प्रयास के बावजूद गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। वरिष्ठ अधिवक्ता अहमद जफरुल इस्लाम घोसी क्षेत्र के प्रतिष्ठित और अनुभवी वकीलों में गिने जाते थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही अधिवक्ता समुदाय सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।उनके निधन पर कई गणमान्य व्यक्तियों, अधिवक्ताओं और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं परिवार में इस दुखद घटना से कोहराम मचा हुआ है।बुधवार की दोपहर 2 बजे उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान उनके आवास पर पहुंचे घोसी एस डी एम राजेश अग्रवाल ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा स्व. अहमद जफरुल इस्लाम एक सज्जन, कर्मठ और समाज के प्रति समर्पित व्यक्ति थे। उनका निधन समाज और अधिवक्ता जगत के लिए बड़ी क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।



