
प्राची राय
वाराणसी। बढ़ती ठंड और कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों को राहत देने का निर्णय लिया है। वाराणसी में सभी स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) की ओर से आदेश जारी किया गया है, जिसके तहत शुक्रवार से स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित किए जाएंगे। बीएसए द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों पर लागू होगी। ठंड और घने कोहरे के कारण सुबह के समय बच्चों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर न पड़े। सुबह के समय गलन अधिक होने से छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है।




