मऊ : एसडीएम ने 512 बीएलओ की ली बैठक

सतीश कुमार पांडेय
घोसी/ मऊ। तहसील सभागार में एसडीएम अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में 512 बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं फोटो अपडेटेशन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अब ऐप के माध्यम से फोटो अपडेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सभी बीएलओ अपने-अपने मोबाइल फोन से मत दाताओं की फोटो अपडेट करेंगे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बीएलओ ऐप पर 100 प्रतिशत फोटो वेरीफिकेशन सुनिश्चित किया जाए तथा केवल सही और स्पष्ट फोटो ही ऐप के माध्यम से अपलोड की जाए।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि प्रथम चरण में उन मतदाताओं, जिनकी मैपिंग किसी कारणवश नहीं हो पाई है, उन्हें सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) द्वारा नोटिस जारी किया जाएगा। संबंधित नोटिस को बूथ लेवल ऑफिसर द्वारा मतदाता तक पहुंचाया जाएगा। नोटिस प्राप्त होने के बाद मतदाता द्वारा उपलब्ध कराए गए वैध दस्तावेज को बीएलओ ऐप के माध्यम से अपलोड किया जाएगा। इन मामलों की सुनवाई नियत तिथि पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा की जाएगी। एसडीएम ने सभी बीएलओ से निर्वाचन कार्य को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध एवं त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने का आह्वान किया, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन की जा सके।




