नववर्ष पर गाज़ीपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, ट्रिपल मर्डर के दो इनामियां अभियुक्तों को मुठभेड़ में की गिरफ्तार

एक अभियुक्त के दाहिने पैर में तो दूसरे के दोनों पैरों में लगी पुलिसिया गोली
डॉ एके राय
गाजीपुर। गहमर गांव में हुए तिहरे हत्याकांड के वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके अंजाम तक पहुंचाने में लगी गहमर थाना पुलिस ने नव वर्ष के शुरुआती समय में ही दो इनामियां बदमाशों को दौराने मुठभेड़ घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया।पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, साल के अंतिम दिन रात गस्त पर निकली गहमर थाना पुलिस ने ट्रिपल मर्डर में वांछित व पचास हजार रुपए के इनामियां दो अभियुक्तों को मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के ग्राम भटपुरवा के बगीचे मे घेरने के लिए घेराबंदी की।पुलिस टीम की आहट पाकर वहां मौजूद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। सतर्क पुलिस टीम की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में और दूसरे बदमाश के दोनों पैरों मे गोली लगी। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से उनके कब्जे से दो देशी तमन्चा .315 बोर, दो खोखा कारतूस व दो जिंदा कारतूस बरामद कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त अमन सिंह पुत्र अरविन्द सिंह (19 वर्ष) रहा जिसके दोनो पैरो मे गोली लगी थी वहीं दूसरे अभियुक्त अरविन्द सिंह पुत्र अन्जनी सिंह (22 वर्ष) के दाहिने पैर मे गोली लगी थी। दोनों ग्राम गहमर पट्टी खेलूराय थाना गहमर जनपद गाजीपुर के निवासी हैं। प्रभारी निरीक्षक थाना गहमर द्वारा दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भदौरा गाजीपुर में उपचार हेतु भेजा गया। पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर पुलिस वैधानिक कार्यवाही में जूटी रही। बताते चलें कि इस तिहरे हत्याकांड में पुलिस अब तक पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार प्रयासरत है।




