
गाजीपुर (मुहम्मदाबाद)। शेरपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विगत कई माह से डॉक्टर और फार्मासिस्ट का अभाव झेल रहा है। इससे मरीजों को इलाज के लिए बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञातव्य हो कि इस स्वास्थ्य केंद्र पर लगभग 50 हजार की आबादी निर्भर है। दो बेड वाले इस स्वास्थ्य केंद्र पर नियुक्त डॉक्टर अशोक सिंह लगातार छुटी पर चल रहे हैं। स्टाफ नर्स रेनू के अनुसार डॉक्टर और फार्मासिस्ट की वापसी की कोई निश्चित तिथि नहीं है। स्वास्थ केंद्र केवल एक स्टाफ नर्स और एक वार्डबॉय के सहारे चल रहा है। स्टॉफ नर्स भी हाल ही में ज्वाइन की है। चिकित्सा स्टॉफ की कमी से आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों द्वारा लगातार मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी शिकायती पत्र दिया गया था। किन्तु कोई कारवाई नही हुई थी।इन्हीं परेशानियों को देखते हुए शेरपुर निवासी समाजसेवी धनंजय राय एवं त्रयम्बक नाथ राय हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री से शिकायती पत्र लेकर मिले।स्वास्थ्य मंत्री ने समस्या को गंभीरता से सुना और जिलाधिकारी गाजीपुर को इस मामले के त्वरित निस्तारण के लिए तत्काल निर्देशित किया है। इस शिकायत के बाद ग्रामीणों को आस जगी है की जल्द ही नियमित डॉक्टर व कर्मचारियों की उपस्थिति होने लगेगी।




