UP Ghazipur News: तीन ग्राम प्रधानों को मिला बड़ा अवसर

नई दिल्ली में होंगे मॉडल यूथ ग्राम सभा कार्यक्रम में शामिल
By-त्रिलोकी नाथ राय
गाजीपुर।जनपद के तीन ग्राम प्रधान युवा पंचायत सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रखते हुए दिल्ली स्थित मॉडल यूथ ग्राम सभा कार्यक्रम में शामिल होंगे। इनमे प्रमुख रूप से राजापुर ग्राम पंचायत विकासखंड मुहम्मदाबाद के प्रधान अश्वनी कुमार राय को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने का अवसर मिला है।उन्हें नई दिल्ली में आयोजित होने वाले मॉडल यूथ ग्राम सभा 2025-26के शुभारंभ कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। यह कार्यक्रम 30 अक्टूबर 2025 को 11:00 बजे डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र,15 जनपथ रोड, विंडसर प्लेस, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर पूरे देश के लगभग 200 प्रतिनिधि प्रतिभागी शामिल होंगे। जिनमें उत्तर प्रदेश से गिने-चुने ग्राम प्रधानों को भागीदारी का अवसर मिला है। जिले से चयनित ग्राम प्रधानों में की लिस्ट में सर्वप्रथम अश्वनी कुमार राय, ग्राम प्रधान-राजापुर, विकासखंड मुहम्मदाबाद,द्वितीय नाम रवि शंकर राय, ग्राम प्रधान- लौवाडीह, विकासखंड भांवरकोल एवं तृतीय नाम राजेश कुमार सिंह,ग्राम प्रधान- सिकंदरपुर, विकासखंड करंडा शामिल हैं।

जनता का आशीर्वाद ही मेरी असली ताकत -प्रधान अश्वनी कुमार राय
प्रधान अश्वनी कुमार ने कहा कि यह मेरे ग्राम पंचायत की जनता के आशीर्वाद का परिणाम है कि मुझे ऐसे राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में शामिल होने और कुछ नया सीखने का अवसर मिलता है। मैं हमेशा अपने पंचायत को विकास के मार्ग पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हूं। यह सम्मान पूरे राजापुर ग्राम पंचायत का है।राजापुर ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार राय का यह पहला अवसर नहीं है, जब उन्हें सरकारी या राष्ट्रीय कार्यक्रम में भागीदारी का मौका मिला हो। पहले भी वह कई विकासपरक व नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रमों में जिले का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनका मानना है कि पंचायत स्तर पर युवाओं की भूमिका को सशक्त करना, देश की लोकतांत्रिक जड़ों को मजबूत करता है।
क्या है मॉडल यूथ ग्राम सभा कार्यक्रम
मॉडल यूथ ग्राम सभा, पंचायती राज मंत्रालय एवं शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त सहयोग से चलाया जा रहा एक विशेष कार्यक्रम है।इसका उद्देश्य है। युवाओं में नेतृत्व कौशल और निर्णय क्षमता को विकसित करना, ग्राम पंचायत स्तर पर युवा भागीदारी को प्रोत्साहित करना, और सामाजिक जिम्मेदारी एवं नीति निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना।इस कार्यक्रम में शामिल प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश दिए जाएंगे,जिससे वे अपने-अपने पंचायतों में विकास और जनसहभागिता को नई दिशा दे सकें।
लौवाडीह के ग्राम प्रधान रविशंकर राय ने ग्रामसभा के सभी सम्मानित जनता का आभार जताते हुए कहा कि सरकार ने ग्राम पंचायत स्तर के विकास के लिए नित नई योजनाएं बनाने का कार्य अत्यंत सराहनीय है। ग्राम प्रधान राजेश सिंह ने कार्यक्रम में आमंत्रित होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला है, और निश्चित रूप से ग्राम सभा के विकास क्रम में इसका लाभ मिलेगा।




