
राजेंद्र प्रकाश
चन्दौली। पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज के खेल मैदान में दिनांक 10 दिसंबर 2025 को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता- 2025 का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डीडीयू मंडल के वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी सह अधिशासी अधिकारी रेलवे इंटर कॉलेज उज्ज्वल आनंद उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य शिव कुमार द्वारा मुख्य अतिथि को सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। तत्पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। एनसीसी कैडेट्स द्वारा आकर्षक मार्च-पास्ट किया गया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों को खेल के नियमों का पालन करने हेतु शपथ दिलाई गई।
मुख्य अतिथि उज्ज्वल आनंद ने गुब्बारा उड़ाकर खेलकूद प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेलकूद बच्चों के जीवन में पढ़ाई-लिखाई की तरह ही आवश्यक है। इससे बच्चों में अनुशासन, नियमों का पालन और टीम भावना का विकास होता है। इस अवसर पर खेलकूद प्रभारी शिक्षक शिव नारायण तथा अन्य अध्यापकगण सरवर अजीम, हरिश्चंद्र प्रसाद, राम सिंगार यादव, प्रकाश चंद्र प्रियदर्शी, सुनील कुमार सिंह,एस.के.ओझा सहित सभी शिक्षकों की उल्लेखनीय भूमिका रही। सेवानिवृत्त अध्यापकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। यह खेलकूद प्रतियोगिता 11 दिसंबर 2025 को समापन समारोह के साथ संपन्न होगी।




