मऊ : अपर जिलाधिकारी ने तहसील मोहम्मदाबाद गोहना का किया निरीक्षण,दी निर्देश

सतीश कुमार पांडेय
मऊ। अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह द्वारा तहसील मुहम्मदाबाद का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भूलेख अनुभाग, संग्रह अनुभाग, अभिलेखागार, तहसील परिसर, एसडीएम न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय, एसडीएम न्यायिक न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय तथा पूर्ति कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि अधिकांश कार्यालयों में अभिलेखों का रख-रखाव सामान्यतः संतोषजनक है तथा कार्यालयीय कार्य नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं। भूलेख अभिलेखों के अद्यतनकरण, राजस्व वसूली की प्रगति में तेजी लाने तथा लंबित वादों के समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। अभिलेखागार में अभिलेखों के बेहतर संरक्षण तथा अनुक्रमणिका अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। तहसील परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था सामान्य पाई गई, किन्तु शौचालय स्वच्छता एवं जनसुविधाओं में सुधार हेतु निर्देश दिए गए। न्यायालयों में वाद पत्रावलियों का रख-रखाव संतोषजनक पाया गया, परंतु अनावश्यक स्थगन से बचते हुए त्वरित निस्तारण पर बल दिया गया। पूर्ति कार्यालय में शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण के क्रम में नगर पंचायत मुहम्मदाबाद, वार्ड संख्या–2 का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। साफ-सफाई व्यवस्था सामान्य पाई गई, किन्तु नालियों की सफाई, जल निकासी सुधार एवं बंद स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत हेतु अधिशासी अधिकारी को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए। नागरिकों से प्राप्त जलापूर्ति दबाव संबंधी शिकायतों के निराकरण हेतु भी आवश्यक निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समय सीमा में कमियों को दूर करना सुनिश्चित करें। भविष्य में पुनः निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी।




