
मध्य विद्यालय डिहुरी में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर मॉडल प्रदर्शनी
सुशील कुमार/ रोहतास। नगर प्रखंड के मध्य विद्यालय डिहुरी में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने चंद्रमा और चंद्रयान-3 मिशन से संबंधित एक से बढ़कर एक आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए।कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने बच्चों को अंतरिक्ष दिवस मनाने के उद्देश्य और महत्व पर विस्तार से चर्चा की। प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि “चंद्रयान-3 ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद भारत अंतरिक्ष विज्ञान में विश्व का नेतृत्व कर सकता है। यह केवल एक वैज्ञानिक उपलब्धि नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सपना और गर्व है, जो आने वाली पीढ़ियों को विज्ञान और शोध की ओर प्रेरित करता रहेगा।इस अवसर पर बच्चों ने चंद्रयान-3 की सफलता पर आधारित कई मॉडल प्रस्तुत किए, जिनमें सुहानी कुमारी,निगम कुमारी,रितिक राज शर्मा, आराध्या शर्मा, सोनाली कुमारी,अतुल राज,प्रिया कुमारी, राजनंदिनी कुमारी और आकांक्षा कुमारी शामिल रहे। प्रस्तुत मॉडलों में से सर्वश्रेष्ठ मॉडल बनाने का पुरस्कार अतुल राज को मिला।उन्हें मेडल एवं स्टेशनरी सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षक अनवर अली खान,सोना कुमारी,मिन्तर कुमारी, रचना कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ भी उपस्थित रहे।विद्यालय परिसर में हुए इस कार्यक्रम ने बच्चों में विज्ञान एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति गहरी रुचि और उत्साह जगाया।




