सोनभद्र:गणना प्रपत्र फार्म भरकर बीएलओ के पास करें जमा: जिलाधिकारी

राकेश चंदेल
हिन्दुस्तान संदेश /सोनभद्र। विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण एसआईआर की विभिन्न गतिविधियां गतिमान है। 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक बीएलओ को मतदाताओं को घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों के वितरण, एकत्रीकरण एवं उनके डिजिटाइजेशन की कार्यवाही पूर्ण की जानी हैं। बीएलओ द्वारा मतदाताओं को दो प्रतियों में गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने के उपरान्त उनके एकत्रीकरण एवं डिजिटाइजेशन की कार्यवाही की जा रही है। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने जनपद के समस्त सम्भ्रान्त नागरिकों, बुद्धिजीवियों से अपील किया है कि प्राप्त गणना प्रपत्र को भर कर बीएलओ को उपलब्ध कराएं। गणना प्रपत्र में मतदाता अपने नाम से संबंधित अपेक्षित जानकारी लिखते हुए बीएलओ को फार्म उपलब्ध कराएंगे । उक्त गणना प्रपत्र में किसी भी प्रकार के डाक्यूमेन्ट लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है। यदि कोई मतदाता अपना गणना प्रपत्र भर कर बीएलओ को नही उपलब्ध कराता है तो उसका नाम 9 दिसम्बर को प्रकाशित होने वाली ड्रॉफ्ट निर्वाचक नामावलियों में नहीं रहेगा। मतदाता सूची जितनी अधिक त्रुटि रहित होगी उतने ही निष्पक्ष, भयमुक्त तथा स्वतंत्र निर्वाचन की अपेक्षा की जा सकती है।




