Ghazipur News : विदेश में नौकरी का झांसा दे ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार

By – Dr. A. K Rai
गाजीपुर । विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर सोशल मीडिया पर विज्ञापन चलाकर साइबर ठगी करने वाले कथित गिरोह का साइबर क्राइम थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.54 लाख रुपये नकद, 23 सिम कार्ड, 10 मोबाइल फोन, 13 एटीएम कार्ड, कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर तथा दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक पीड़ित के सीएससी खाते में साइबर अपराध से अर्जित धनराशि मंगाकर अगस्त से सितंबर के बीच करीब 15 लाख रुपये की निकासी किए जाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद खाते समेत अन्य खातों के फ्रीज होने पर साइबर क्राइम थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। सर्विलांस और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सोहन राम पुत्र वासुदेव राम व सूर्य प्रकाश अरोरा पुत्र सोहन राम निवासी ग्राम सिपाह जहूराबाद थाना बड़ेसर गाजीपुर और फैजल खान उर्फ सन्नी पुत्र लीम अहमद खान निवासी कस्बा रजदेपुर, पुलिस चौकी के पास थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह का कथित सरगना सोहन राम मुंबई और दिल्ली में दूसरे लोगों के नाम पर सिम कार्ड व बैंक खातों की व्यवस्था करता था। इसके बाद इन सिम कार्डों का इस्तेमाल सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी के आकर्षक विज्ञापन चलाने में किया जाता था। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले लोगों से पंजीकरण के नाम पर रुपये, बायोडाटा और पासपोर्ट संबंधी जानकारी ली जाती थी। बाद में कथित तौर पर फर्जी जॉब ऑफर लेटर और डमी फ्लाइट टिकट भेजकर उनसे अधिक रकम की मांग की जाती थी। पुलिस के मुताबिक, ठगी की रकम विभिन्न म्यूल खातों और क्यूआर कोड के माध्यम से सीएससी संचालकों के खातों में मंगाई जाती थी, जहां से नकद अथवा एटीएम के जरिए धनराशि निकाली जाती थी। पुलिस बरामद सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर गिरोह द्वारा की गई अन्य ठगी की घटनाओं की जानकारी जुटा कर, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई में जूटी हुई है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी के विज्ञापनों पर बिना सत्यापन भरोसा न करने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।



