देवरिया:पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली, असलहा तस्कर गिरफ्तार

असगर अली
देवरिया। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के सकरापार के समीप से कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में असलहा तस्कर विवेक सिंह उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया है। रविवार आधी रात को कोतवाली पुलिस गश्त पर थी। इस बीच पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि एक असलहा तस्कर बाइक से सकरापार के तरफ जा रहा है। इस पर पुलिस घेराबंदी कर मौके पर पहुंच गई। टीम कोआते देख बाइक सवार बदमाश ने पुलिस टीम पर ही फायर करने लगा। पुलिस की तरफ से जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें बदमाश को पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पूछताछ में उसने अपना नाम विवेक सिंह उर्फ पप्पू निवासी पतलापुर थाना खुखुन्दू जनपद देवरिया बताया। तलाशी में पुलिस को आरोपी के पास से कई पिस्टल, कई जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, बाइक मिले। पुलिस के अनुसार पप्पू सिंह लंबे समय से अवैध असलहा तस्करी में सक्रिय था वह बिहार व पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में हथियारों की सप्लाई करता था। वह तस्करों से हथियार खरीदकर स्थानीय अपराधियों को उपलब्ध करता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर संजय रेड्डी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरी जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी एक सक्रिय असलहा तस्करी गिरोह का सदस्य है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि पता चल सके कि क्या इनका इस्तेमाल हाल की किसी वारदात में हुआ है।
पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना कोतवाली पर मु.अ.सं. 1031/2025 धारा 109 (1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।




