
असगर अली/देवरिया। जनपद में सांसद/विधायक खेल प्रतियोगिता का शहर के राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता आयोजन का उद्घाटन सांसद शशांक मणि त्रिपाठी और भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसका उद्देश्य युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास करना है।सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को जीत-हार से ऊपर उठकर जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उनके अनुसार, खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है।
भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए इस प्रतियोगिता को एक सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि आज गांव के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। प्रतियोगिता के संयोजक किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने जानकारी दी कि ये प्रतियोगिताएं न्याय पंचायत स्तर से लेकर लोकसभा स्तर तक आयोजित की जाएंगी।इसका फाइनल मुकाबला 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती पर होगा। जहां विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी और एथलेटिक्स जैसे खेल शामिल हैं। एथलेटिक्स प्रतियोगिता के तहत 200 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) में छोटी निषाद और बालिका वर्ग में सुहानी वाल्मीकि ने जीत हासिल की।400 मीटर जूनियर बालिका वर्ग में प्रियंका, जबकि 1500 मीटर जूनियर बालक वर्ग में अमन प्रताप यादव विजेता रहे। कबड्डी सब जूनियर बालिका वर्ग का खिताब बगहा चौरी की टीम ने जीता। कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार मिश्रा ने किया। इस अवसर पर प्रभाकर तिवारी, अभिषेक राय अंकुर, सुधीर श्रीवास्तव, मारकंडे शाही, जितेंद्र पांडेय आर. के. मिश्रा, विकास शुक्ला, पवन यादव, संगीता खरवार, श्रीराम हरिजन सहित सैकड़ों खिलाड़ी और दर्शक उपस्थित रहे।




