Devariya news : पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि


Report by Asagar Ali
Devariya news जनपद में पुलिस स्मृति दिवस का हुआ आयोजन। इस अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार, क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमान श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी, क्षेत्राधिकारी विनी सिंह और प्रतिसार निरीक्षक विजय राज सिंह सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र व श्रद्धा सुमन अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश पढ़ा। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा जोखिम और जनसेवा का संगम है, जिसमें कई पुलिसकर्मी राष्ट्र सेवा में अपने प्राण न्यौछावर कर देते हैं। उन्होंने पिछले एक वर्ष में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को याद किया।पुलिस अधीक्षक ने पुलिस स्मृति दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसकी शुरुआत 21 अक्टूबर 1959 को हुई थी। उस दिन लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सेना के हमले में सीआरपीएफ के दस जवान शहीद हो गए थे। यह घटना तब हुई जब भारत-तिब्बत सीमा पर गश्त कर रही भारतीय टीम पर चीनी सैनिकों ने अचानक गोलीबारी कर दी थी। इस वीरतापूर्ण संघर्ष में शहीद हुए जवानों की याद में हर वर्ष 21 अक्टूबर को पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मी जनसेवा के उच्च आदर्शों का प्रतीक हैं। उनके त्याग और बलिदान से भावी पीढ़ियां प्रेरणा लेती रहेंगी। और उन्हें ने कहा कि हमें भी उन वीर सपूतों की तरह अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान होना चाहिए और ईमानदारी पूर्वक अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।




