वैज्ञानिक डॉ. केशव को मिली अल्मेरिया यूनिवर्सिटी,स्पेन से पीएचडी की उपाधि

सुशील कुमार मिश्र/वाराणसी।भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर), वाराणसी के वैज्ञानिक डॉ. केशव कांत गौतम ने स्पेन की यूनिवर्सिटी ऑफ अल्मेरिया से कृषि विज्ञान में पीएचडी की उपाधि उत्कृष्ट ग्रेड के साथ सफलतापूर्वक प्राप्त की। साथ ही ‘कुम लाउधे’ (cum laude) (एक विशेष स्तर का सम्मान गौरव) का सर्वोच्च सम्मान भी अर्जित किया है। यह उपलब्धि उन्होंने एनएस-आईसीएआर अंतर्राष्ट्रीय फेलोशिप के माध्यम से आईआईवीआर में सेवारत रहते हुए प्राप्त की है।डॉ. गौतम ने स्क्वाश कददू में महत्वपूर्ण गुणों के नियमन में एथिलीन, जैस्मोनेट्स और जिबरेलिन्स की भूमिका को उजागर करने वाले कार्यात्मक जीनोमिक अध्ययन पर शोध किया। संस्थान के निदेशक डॉ राजेश कुमार ने कहा कि डॉ गौतम के शोध से सामान्य और लवणता तनाव की स्थितियों में गुणवत्तापूर्ण उत्पादन को बनाए रखने की चुनौतियों का समाधान निकालने में मदद मिलेगी, जो भारत के राष्ट्रीय कृषि अनुसंधान प्रणाली (एनएआरएस) की प्राथमिकताओं के अनुरूप है। डॉ. गौतम अब इस विशेषज्ञता का उपयोग आईआईवीआर, वाराणसी में जैविक एवं अजैविक तनाव-सहिष्णु किस्मों के विकास तथा सब्जियों के क्षेत्र में काम कर रहे अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के साथ सहयोग करने के लिए करेंगे। डॉ. गौतम की यह सफलता युवा वैज्ञानिकों को अपने करियर को छोड़े बिना उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती है। डॉ. गौतम ने कहा, “यह सफर चुनौतीपूर्ण था, लेकिन अत्यंत संतुष्टिदायक रहा” और उन्होंने आईसीएआर तथा अपने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उनके पीएचडी के इस सफर में उनका साथ दिया।




