
त्रिलोकी नाथ राय
गाजीपुर।मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र में गुरुवार को हुई झमाझम बारिश से जहां किसानों को धान की खेती के लिए फायदा हुआ।वहीं दूसरी तरफ नगर में जलभराव की स्थिति बन गई है। सुबह 10:30 बजे बूंदाबांदी के बाद करीब एक घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई, जिससे नगर के कई इलाकों में पानी भर गया। तहसील तिराहा से यूसुफपुर बाजार और केशरी मोड़ तक की सड़कें जलमग्न हो गई हैं। जिससे नागरिकों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। रामलीला मैदान में नालों का पानी भर जाने से वहां की स्थिति और भी खराब हो गई है।शैक्षणिक संस्थानों में भी समस्याएं पैदा हुई हैं। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय में फिसलन की वजह से बच्चों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। बाल विकास परियोजना कार्यालय के सामने भी पानी भर गया है।जिससे कार्यालय के कामकाज में परेशानी हो रही है।तहसील मुख्य गेट और गोलंबर के पास पाइप लाइन के काम की वजह से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, इस बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत दी है और विशेषकर धान की खेती कर रहे किसानों के लिए यह बारिश वरदान साबित हुई है।




