Slide 1
Slide 1
आगराउत्तर प्रदेश

अहमदाबाद विमान हादसे में आगरा के नीरज और अपर्णा लवानिया की मौत

आकाश वर्मा
आगरा। गुजरात के अहमदाबाद में हुए भयावह प्लेन क्रैश ने आगरा जिले के अकोला गांव से जुड़ी एक जोड़े की खुशहाल ज़िंदगी को हमेशा के लिए खामोश कर दिया। इस हादसे में गांव के निवासी नीरज लवानिया और उनकी पत्नी अपर्णा लवानिया की दुखद मृत्यु हो गई। यह खबर जब गांव पहुंची तो हर चेहरा शोक में डूब गया और घर-घर मातम छा गया। नीरज लवानिया बड़ोदरा में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। वह अपनी पत्नी अपर्णा के साथ कुछ दिन की विदेश यात्रा पर इसी प्लेन से लंदन जा रहे थे, लेकिन यह यात्रा पूरी होने से पहले ही मौत का साया उन पर मंडरा गया। प्लेन ने जैसे ही उड़ान भरी, कुछ ही मिनटों में वह हादसे का शिकार हो गया और यह यात्रा इस दंपत्ति के जीवन की अंतिम यात्रा बन गई।  नीरज लवानिया आठ महीने पहले अपने पिता महावीर प्रसाद लवानिया की तेरहवीं संस्कार में अकोला आए थे। उनके पिता शिक्षक रहे थे और रिटायरमेंट के बाद गांव में ही रहते थे। नीरज के छोटे भाई सतीश लवानिया खेती-बाड़ी संभालते हैं और इस घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। हादसे से तीन दिन पहले नीरज की गांव के नजदीकी मित्र अरविंद चाहर से फोन पर बात हुई थी। अरविंद ने नीरज को गांव आने का निमंत्रण दिया तो नीरज ने हंसते हुए कहा था- फुर्सत नहीं मिलती भाई, लंदन से लौटकर आता हूँ…। लेकिन नियति ने उन्हें लौटने ही नहीं दिया। दोनों की मौत की सूचना के बाद अकोला गांव में कोहराम मच गया। नीरज और अपर्णा की जोड़ी गांव में सादगी और सौम्यता की मिसाल मानी जाती थी। उनके इस तरह अचानक चले जाने से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव ने दो उजले चेहरे खो दिए हैं। गांव के बुजुर्गों से लेकर बच्चे तक, सभी स्तब्ध हैं। हर किसी की आंखें नम हैं और दिल यही कह रहा है, काश यह सपना टूटने से पहले कोई जाग जाता। लवानिया दंपति के निधन की सूचना मिलते ही सांसद राजकुमार चाहर अकोला में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंच गये थे। बता दें कि अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार 241 लोगों की मौत हो गई। विमानन कंपनी ने गुरुवार देर रात जारी एक बयान में कहा, ‘हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत की पुष्टि हो चुकी है।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button