Slide 1
Slide 1
फतेहपुर

फतेहपुर : महिला वकील से टोलकर्मियों की मारपीट,वकीलों में आक्रोश

– राज्यपाल को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा
संवाददाता
खागा/फतेहपुर। सोनभद्र जनपद के लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला अधिवक्ता और उनके परिजनों के साथ टोल कर्मियों द्वारा की गई मारपीट की घटना को लेकर खागा तहसील के अधिवक्ताओं में आक्रोश है। सोमवार को सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद खागा के अधिवक्ता एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार शैल कुमारी को राज्यपाल को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। सोशल मीडिया पर प्रसारित जानकारी के अनुसार राबर्ट्सगंज निवासी महिला अधिवक्ता आरती पांडेय शनिवार शाम कार से अपने परिजनों नवीन कुमार सिंह, गरिमा सिंह और अवनीश दुबे के साथ ओबरा जा रही थीं। शाम करीब चार बजे लोढ़ी टोल प्लाजा पहुंचने पर वहां जाम लगा हुआ था। काफी देर तक जाम न खुलने पर नवीन कुमार सिंह कार से उतरकर टोल कर्मियों से जाम के बारे में पूछने लगे।

इसी बात पर टोल कर्मियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी के दौरान टोल कर्मियों ने नवीन कुमार सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब अवनीश दुबे बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। महिला अधिवक्ता का आरोप है कि जब वह रोकने पहुंचीं तो टोल कर्मियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे नवीन कुमार सिंह के सिर में गंभीर चोट आई। घटना से नाराज खागा के अधिवक्ताओं ने ज्ञापन में मांग की है कि सभी आरोपित टोल कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, लोढ़ी टोल प्लाजा का लाइसेंस निरस्त किया जाए, प्रदेश के सभी टोल प्लाजा पर अधिवक्ताओं को विशेष वरीयता और निशुल्क पास दिया जाए तथा अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। इस मौके पर रामसखा द्विवेदी, अरविंद पांडेय, इसराइल फारूकी, सूर्य प्रकाश सिंह, अशोक श्रीवास्तव, राजेश द्विवेदी, जितेंद्र द्विवेदी, राजेश तिवारी, कृष्ण कुमार, विवेक पाठक, राजा राजेंद्र सिंह, बलवंत सिंह, आशुतोष पांडे, कृष्णकांत त्रिवेदी, अंशुमान शुक्ला, धर्मेंद्र सिंह, इंदल सिंह, आनंद मोहन त्रिपाठी, शालू अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button