आगरा में भी पहुंचा कोरोना, निजी अस्पताल में भर्ती 77 वर्षीय मरीज कोरोना पॉजिटिव

आकाश वर्मा
आगरा। फिरोजाबाद जिले के 77 साल के एक मरीज में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। मरीज को कूल्हे की सर्जरी के लिए सिकंदरा क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मरीज को हल्का बुखार और गले में खराश की समस्या थी, इसलिए अस्पताल ने निजी लैब में कोरोना की जांच कराई। जांच रिपोर्ट सोमवार को आई जिसमें मरीज का कोरोना पॉजिटिव पाया गया। मरीज की रिपोर्ट आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया। मरीज को अस्पताल में ही अलग (आइसोलेट) कर दिया गया है ताकि संक्रमण अन्य लोगों में ना फैले। अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीज और उनके संपर्क में आए डॉक्टरों व परिजनों के नमूने लिए हैं, जिनकी जांच एसएन मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब में कराई जाएगी। एसएन मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अंकुर गोयल ने बताया कि कॉलेज की लैब में कोरोना जांच के लिए जरूरी किट उपलब्ध हैं। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि कोरोना संक्रमित गंभीर मरीजों का इलाज यहां किया जाएगा।




