मिर्जापुर: नगर पालिका अध्यक्ष ने बाजीराव वार्ड में कुएं के सुंदरीकरण कार्य का किया लोकार्पण

बसन्त कुमार गुप्ता
मिर्ज़ापुर। नगर के कटरा बाजीराव वार्ड में एक प्राचीन कुएं के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण का कार्य कराया गया है । जिसका लोकार्पण नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने किया। स्थानीय निवासियों की मांग पर नपा अध्यक्ष श्याम सुन्दर केसरी ने इस कुएं के कायाकल्प का बीड़ा उठाया था। कुएं के किनारों पर आकर्षक पत्थर की मेड़ और रेलिंग लगाई गई है साथ ही छावनी और लाइटिंग से परिसर को सुसज्जित किया गया है। साफ़-सुथरा और सुसज्जित हो जाने से इसकी ऐतिहासिक महत्ता को बढ़ावा मिलेगा। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने इस अवसर पर कहा कि इस स्थान का उपयोग आरामगाह के रूप में भी कर सकते हैं। यह भी कहा कि प्राचीन जल स्रोतों का संरक्षण हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह कुआँ न केवल वार्ड की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि भविष्य में जल संरक्षण के संदेश को भी प्रसारित करेगा। यह कार्य नगर की विरासत और विकास के प्रति नगर पालिका के समर्पण को दर्शाता है। वही कुओं के अवैध कब्जे को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि बहुत जल्द ही इस पर कार्रवाई की जाएगी।




