Slide 1
Slide 1
गाजीपुर

गाजीपुर में बाढ़ का खतरा बढ़ा,अगले 24-48 घंटे अहम,  प्रशासन अलर्ट

सांकेतिक चित्र

152 बाढ़ चौकियां, 46 शरणालय और 229 नावें सक्रिय; डीएम अनुपम शुक्ला ने लोगों से अफवाहों से बचने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील

विवेकानंद राय/गाजीपुर । गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर गाजीपुर में बाढ़ का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। केंद्रीय जल आयोग की सूचना के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरी तरह सतर्कता बरतते हुए बाढ़ प्रभावित एवं निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि जनपद की 5 तहसीलों के निचले इलाकों में बसे गांवों में बाढ़ अथवा जलस्तर बढ़ने से विभिन्न समस्याएं उत्पन्न होने की संभावना है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जनपद में 152 बाढ़ चौकियां, 46 बाढ़ शरणालय और 229 नावें सक्रिय कर दी गई हैं। इसके अतिरिक्त पीएसी की टीमें भी तैनात की गई हैं। बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के लिए बाढ़ राहत किट तथा बाढ़ शरणालयों में पक्के भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर ली गई है। प्रशासन द्वारा लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और केवल प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
डीएम की आमजन से अपील—सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा जिला प्रशासन ने बाढ़ की आशंका को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। केवल प्रशासनिक सूचनाओं पर विश्वास करें।छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित ऊंचे स्थानों अथवा बाढ़ शरणालयों में पहुंचाएं।
बच्चों को बाढ़ के पानी में न जाने दें और न ही उन्हें नहाने दें। जरूरी दस्तावेज, दवाइयां, सूखा राशन और पीने का पानी पहले से तैयार रखें।
गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगों एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों की सूचना तत्काल अपनी बाढ़ चौकी/लेखपाल को दें।बिजली के खंभों और टूटे अथवा लटकते बिजली के तारों से दूर रहें।
बाढ़ के पानी में वाहन चलाने से बचें।तेज बहाव वाले पानी के पास जाकर सेल्फी न लें और तैरने का प्रयास बिल्कुल न करें।नाव में क्षमता से अधिक लोगों को न बैठाएं और प्रतिबंधित क्षेत्रों में नाव न चलाएं।प्रत्येक नाव में लाइफ जैकेट एवं लाइफ रिग रखना और उसका उपयोग करना अनिवार्य है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें।

पुलिस कंट्रोल रूम: 112
जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष: 0548-2224041
तहसील सदर: 0548-2221334
तहसील सैदपुर: 05495-222050
तहसील जमानियां: 05497-252074
तहसील जखनियां: 9454417089, 8739057296
तहसील मुहम्मदाबाद: 05493-242006
तहसील कासिमाबाद: 05493-252015
तहसील सेवराई: 05497-297597
प्रशासन की अपील है कि अगले 24-48 घंटे विशेष सतर्कता बरतें। समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचना ही बाढ़ से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button