Slide 1
Slide 1
आजमगढ़

आजमगढ़ : मूसलाधार बारिश से फसलों पर गहराया संकट


गोविंद लाल शर्मा/आजमगढ़। जनपद के फूलपुर तहसील क्षेत्र में सोमवार सुबह से शुरू हुई बारिश ने देर रात तक मूसलाधार रूप ले लिया। लगातार हुई बारिश से ग्रामीण इलाकों में खेत-खलिहान पानी से लबालब हो गए। कई स्थानों पर जलभराव के कारण रास्तों और खेतों में पानी भर गया, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। बारिश का सबसे अधिक असर धान और अरहर की फसलों पर दिखाई दे रहा है। खेतों में पानी भर जाने के बाद किसान जलनिकासी के लिए मेड़ काटकर पानी बाहर निकालने में जुटे हैं। कई स्थानों पर धान के खेतों की मेड़ के ऊपर से पानी बहता नजर आया। किसानों का कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। किसानों के मुताबिक अरहर की फसल में लंबे समय तक पानी जमा रहने से उकठा रोग लगने का खतरा रहता है, जबकि धान की फसल में भी पौधों के गलने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में बारिश ने किसानों की मेहनत और लागत पर संकट खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के कई हिस्सों में नालों और नालियों पर अतिक्रमण के चलते बारिश के पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। पर्याप्त जलनिकासी नहीं होने से खेतों में पानी जमा हो रहा है और स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण कर नालों और नालियों से अतिक्रमण हटाया जाए तथा पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए। किसानों का कहना है कि समय रहते जलनिकासी नहीं हुई तो फसलों को बचाना मुश्किल हो जाएगा। बारिश के बावजूद किसान अपने खेतों में डटे हुए हैं और किसी तरह पानी निकालकर फसल बचाने का प्रयास कर रहे हैं। किसानों को अब बारिश रुकने और खेतों से जल्द पानी निकलने का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button