आजमगढ़: जिला अस्पताल के दवा कक्ष में मनाया जन्मदिन पार्टी, वीडियो वायरल

गोविंदा लाल शर्मा/आजमगढ़। जिला अस्पताल से मानवता और सरकारी सेवा की जिम्मेदारी पर सवाल खड़ा करने वाला एक वीडियो सामने आया है। अस्पताल के मुख्य दवा वितरण कक्ष में मंगलवार दोपहर ड्यूटी के दौरान जन्मदिन की पार्टी मनाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि पार्टी के चलते सैकड़ों मरीजों और उनके तीमारदारों को घंटों दवा के लिए लाइन में इंतजार करना पड़ा। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि यूथ इंडिया टाइम्स नहीं करता है। बताया जा रहा है कि दवा कक्ष प्रभारी अनिल चौधरी का मंगलवार को जन्मदिन था। सुबह से ही कुछ स्वास्थ्यकर्मी इसकी तैयारियों में जुटे थे। दोपहर करीब 12 बजे दवा वितरण काउंटर पर मरीजों की लंबी कतार लगी थी, लेकिन इसी दौरान दवा कक्ष के भीतर केक काटने, फोटो खिंचवाने और जन्मदिन का जश्न मनाने का कार्यक्रम शुरू हो गया। बाहर उमस और गर्मी में खड़े मरीज दवा मिलने का इंतजार करते रहे, जबकि अंदर मौजूद फार्मासिस्ट और अन्य कर्मचारी समारोह में व्यस्त रहे। वीडियो में दवा कक्ष और संवेदनशील स्टॉक रूम को गुब्बारों व रिबन से सजाया गया दिखाई दे रहा है। दूर-दराज के गांवों से आए बुजुर्ग, महिलाएं और गोद में बीमार बच्चों को लिए परिजन लंबे समय तक काउंटर पर खड़े रहे। आरोप है कि इस दौरान अस्पताल प्रशासन ने भी स्थिति पर कोई हस्तक्षेप नहीं किया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस संबंध में पूछे जाने पर जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. सतीश चंद्र कन्नौजिया ने कहा, “दवा कक्ष में इस तरह पार्टी मनाना गलत है। यदि ऐसा हुआ है तो मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



