
गाजीपुर। समता पी.जी. कॉलेज, सादात की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के दस दिवसीय ‘नशा मुक्ति कार्यक्रम’ का समापन शुक्रवार को किया गया। यह अभियान राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक के निर्देशानुसार ‘नशा मुक्त भारत अभियान: विकसित भारत की पहचान’ थीम पर महाविद्यालय में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बलवंत यादव के नेतृत्व में 17 जून को आरम्भ हुआ था। दस दिवसीय इस अभियान में नशा मुक्ति शपथ, जागरूकता कार्यक्रम, स्लोगन और निबंध प्रतियोगिताएं, साइकिल रैली, योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और हस्ताक्षर अभियान प्रमुख रहे । कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य प्रो. पीयूष वर्मा ने कहा कि नशा मुक्त और स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं। इस अवसर पर प्राध्यापक डॉ. जय प्रकाश नारायण यादव, प्यारे लाल यादव, डॉ. अशोक कुशवाहा, सेवानिवृत्त कर्मचारी बालचंद यादव और राकेश सिंह, डॉ. अभिषेक यादव, अरुण यादव नगीना सहित सभी छात्रों ने भागीदारी निभाई।




