
बुलंदशहर । खुर्जा नगर में सिद्धेश्वर मंदिर के पास महेश वाटिका के एक खाली प्लॉट में युवक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान हैं। आशंका है कि किसी वज़नदार चीज़ से वार कर हत्या की गई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।घटना कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के सिद्धेश्वर मंदिर के निकट महेश वाटिका की है। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने खाली प्लॉट में पेड़ के नीचे एक युवक का शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की जांच की। मृतक के सिर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के हाथ पर ‘कमल’ लिखा हुआ है। पुलिस ने शिनाख्त गांव नगला शेखू निवासी के रूप में की है। हालांकि पुलिस परिजनों से संपर्क कर पुष्टि कर रही है। सूचना पर सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
रिपोर्ट – मोहित त्यागी




