Slide 1
Slide 1
नई दिल्ली

नई दिल्ली : यूपी ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में रचा इतिहास, राष्ट्रीय मंच पर मिली एक नई पहचान

स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आने वाले समय में हम और नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे : मंत्री ए के शर्मा

नई दिल्ली । आयोजित “पीएम सूर्य घर पुरस्कार समारोह” में उत्तर प्रदेश ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर देशभर में अपना परचम लहराया। राज्य को विभिन्न श्रेणियों में शीर्ष स्थान प्राप्त हुए, जिससे स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में उसकी अग्रणी भूमिका और मजबूत हुई है। पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत देशभर में हुए सोलर इंस्टॉलेशन के आधार पर उत्तर प्रदेश ने “टॉप थ्री स्टेट इंस्टॉलेशन” श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस श्रेणी में गुजरात प्रथम स्थान पर रहा। उत्तर प्रदेश की यह उपलब्धि राज्य में सौर ऊर्जा के प्रति बढ़ती जागरूकता एवं प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है।

लखनऊ  बना देश का नंबर-1 सोलर जिला

जिला स्तर पर सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में लखनऊ ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। लखनऊ में कुल 1,02,596 सोलर इंस्टॉलेशन किए गए, जबकि दूसरे स्थान पर रहे नागपुर में 89,255 इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए। यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के तेजी से विस्तार को दर्शाती है। राज्यवार “वेरी हाई कंज्यूमर बेस” श्रेणी में उत्तर प्रदेश को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इसके साथ ही सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन, सर्वाधिक सोलर इंस्टॉलेशन तथा अधिकतम वेंडर रजिस्ट्रेशन जैसी महत्वपूर्ण श्रेणियों में भी उत्तर प्रदेश ने देश में पहला स्थान हासिल किया। इस अवसर पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने इन उपलब्धियों का श्रेय मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के दूरदर्शी नेतृत्व को दिया। उन्होंने दोनों नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। श्री शर्मा ने उत्तर प्रदेश, नोएडा तथा राज्य के सभी अधिकारियों, वेंडरों एवं लाभार्थियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी। सौर ऊर्जा न केवल प्रदूषण मुक्त बिजली उपलब्ध कराती है, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश आज सौर ऊर्जा क्रांति का अग्रदूत बनकर उभरा है। यह उपलब्धि प्रदेशवासियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। आने वाले समय में हम स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में और नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button