देवरिया : स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की प्रतिमा तोड़ने के विरोध में बंगरा में ग्रामीणों का धरना जारी

असगर अली
देवरिया। जनपद के खामपार थाना क्षेत्र के बंगरा बाजार चौराहे पर वर्षों से स्थापित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भागवत भगत ‘खजड़ी वाले’ की प्रतिमा को बृहस्पतिवार की रात अराजक तत्वों ने तोड़ दिया। इस घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इसके बावजूद ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं हुआ। घटना के तीन दिन बाद रविवार की सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण बंगरा बाजार तिराहे पर टूटी प्रतिमा के सामने धरने पर बैठे है। ग्रामीणों की मांग है कि उच्च अधिकारी आएं मौके पर आकर नई प्रतिमा लगवाने का स्पष्ट आश्वासन दें, तभी धरना समाप्त किया जाएगा। मूर्ति तोड़ने की सूचना आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिसके बाद आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर जुटने लगे। लोगों ने इस घटना को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान पर हमला बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले ही धरने की चेतावनी दी थी। पुलिस द्वारा धरना स्थगित कराने का दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। उनका साफ कहना है कि जब तक कोई उच्च अधिकारी स्वयं मौके पर आकर प्रतिमा पुनः स्थापित कराने का भरोसा नहीं देगा तब तक उनका धरना जारी रहेगा। समाचार लिखने समय तक धरना जारी है




