
डॉ एके राय/गाजीपुर। अयोध्या में आयोजित प्रथम यूपी स्टेट इनडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जिले के आशीष सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। इस जीत के साथ ही उन्होंने आगामी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जहाँ वे उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता ओडिशा में आयोजित होगी।उल्लेखनीय है कि जिले के मरदह निवासी अनिल सिंह के पुत्र आशीष सिंह ने अंडर-20 आयु वर्ग की शॉट पुट (गोला फेंक) स्पर्धा में हिस्सा लिया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय आशीष ने पिछले चार वर्षों से बरेली स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में किए गए नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने अपने माता-पिता के सहयोग और प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन के प्रति भी आभार व्यक्त किया। आशीष ने बताया कि उनकी खेलों में रुचि स्कूल के दिनों से ही थी। आशीष की इस स्वर्णिम सफलता की खबर उनके पैतृक निवास मरदह पहुंचते ही परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके पिता अनिल सिंह, माता रिंकू सिंह, भाई अमित सिंह सहित परिजनों व शुभचिंतकों ने आशीष के उज्जवल भविष्य की कामना की।



