
डॉ एके राय,गाजीपुर। शोध कार्य को प्रभावी एवं सही दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से एस सी ई आर टी उत्तर प्रदेश की शोध टीम अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय रांची में आयोजित पाँच दिवसीय कार्यशाला में प्रतिभाग कर शैक्षिक गतिविधियों का अवलोकन किया। कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के शैक्षिक अनुभवों का आदान-प्रदान कर शोध कार्य को व्यवहारिक आधार प्रदान करना है, जिससे प्रदेश में शिक्षक शिक्षा एवं विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में प्रभावी सुधार सुनिश्चित किया जा सके। शोध प्रवक्ता डॉ. गुंजन रौतेला के नेतृत्व में संचालित इस कार्यशाला में उत्तर प्रदेश के 12 जनपदों के 34 डायट प्रवक्ता सहभागिता कर रहे हैं। इसमें डायट गाजीपुर से डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. सर्वेश कुमार राय, आलोक तिवारी एवं हरिओम प्रताप यादव सम्मिलित रहे।
कार्यशाला के चौथे दिन टीम ने बेंगलुरु ग्रामीण डायट व प्राथमिक विद्यालयों का शैक्षिक भ्रमण किया। टीम ने कर्नाटक के विद्यालयों में संचालित शैक्षिक नवाचारों, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता कार्यक्रमों, सतत मूल्यांकन पद्धति तथा कक्षा-कक्षीय गतिविधियों का अवलोकन किया। प्रतिभागियों ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक प्रशिक्षण की प्रक्रियाओं तथा समुदाय की सहभागिता के मॉडल का अध्ययन कर अपने शोध कार्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ संकलित कीं। प्रतिभागियों ने बताया कि यह शैक्षिक भ्रमण न केवल शोध दृष्टि को व्यापक बनाएगा, बल्कि प्रदेश में नवीन शैक्षिक पहल लागू करने में भी सहायक सिद्ध होगा।




