गाजीपुर : प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने किया भूमि पूजन और शिलान्यास

कुल 355.76 लाख रुपए से बनेगा उप निबन्धक एवं सहायक महानिरीक्षक निबन्धन कार्यालय
प्रमोद सिंन्हा
गाजीपुर। जनपद के प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सोमवार को आर टी आई मैदान के समीप उप निबन्धक कार्यालय सदर एवं सहायक महानिरीक्षक निबन्धन कार्यालय का भूमि पूजन किया गया। उन्होंने 355.76 लाख रुपए से बनने वाले भवनों का भूमि पूजन व शिलान्यास मुख्य अतिथि के रूप में किया। अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि किरायानामा विलेख पर पहले कुल किराया पर नगरीय क्षेत्र में चार प्रतिशत की दर से तथा ग्रामीण क्षेत्र में दो प्रतिशत की दर से स्टाम्प लिया जाता था, जिसमें उ०प्र०स्टाम्प रजिस्ट्रेशन की अधिसूचना दिनांक 19.11.2025 द्वारा 10 वर्ष अवधि तक के किरायेनामा पर स्टाम्प न्यूनतम 500 रुपए एवं अधिकतम दस हजार रुपए निर्धारित किया गया है, तथा निबन्धन शुल्क भी न्यूनतम पांच सौ रुपए एवं अधिकतम दस हजार रुपए निर्धारित किया गया है।
दान विलेखों के माध्यम से आवासीय, कृषि व व्यवसायिक, औद्योगिक सम्पत्तियों के अन्तरण पर परिवार के सदस्यों यथा पुत्र, पुत्री, पिता, माता पति पत्नी पुत्रबधू पुत्र की पत्नी सगा भाई सगे भाई के मृतक होने की दशा में उसकी पत्नी, सगी बहन दामाद पुत्री का पति पुत्र/पुत्री के पुत्र/पुत्री के पक्ष में अधिकतम पांच हजार रुपए का स्टाम्प शुल्क किया गया है। महिलाओं के पक्ष में अन्तरण विलेखों पर पहले दस लाख की मालियत पर एक प्रतिशत स्टाम्प कम लगता था, जिसको अधिसूचना दिनांक 19.07.2025 के द्वारा महिलाओं के पक्ष में एक करोड़ के अन्तरण विलेखों पर स्टाम्प छूट प्रदान की गयी है। एक प्रतिशत का स्टाम्प शुल्क कम किया गया है। इस प्रकार नगरीय क्षेत्र में सात प्रतिशत की जगह छह प्रतिशत एवं ग्रामीण क्षेत्र में पांच प्रतिशत की जगह चार प्रतिशत किया गया है। इस अवसर पर नगर पलिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक ईरज राजा, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य,अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, जिलाध्यक्ष भाजपा ओमप्रकाश राय, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा सुनिल सिंह, जिला महामंत्री भाजपा प्रवीण सिंह, डी0आई0जी0 स्टाम्प वाराणसी मण्डल वाराणसी ऋषिकेश, स्टाम्प निबन्ध एवं अन्य अधिकारी कर्मचारीगण के साथ पार्टी के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




