भदोही : नववर्ष पर प्रशासन का मानवीय सरोकार

डीएम शैलेश कुमार व एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने वंचितों को कंबल वितरित कर दिया आत्मीय संबल
आफताब अंसारी
भदोही। शीतलहर, घना कोहरा एवं कड़ाके की ठंड से जनपदवासियों को बचाव के दृष्टिगत तथा मुख्यमंत्री जी के मंशानुरूप जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक द्वारा नववर्ष के अवसर पर तहसील औराई परिसर में क्षेत्र की 75 गरीब व बेसहारा महिलाओं को कंबल वितरित कर आत्मीय संबल प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि शासन के निर्देशों के क्रम में ठंड से बचाव हेतु जनपद में व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। कंबल वितरण के साथ-साथ रैन बसेरा, अलाव की व्यवस्था तथा जरूरतमंदों को समय से राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण असहाय न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ठंड के मौसम में गरीब, निराश्रित व बेसहारा लोगों पर विशेष ध्यान दिया जाए और उन्हें हर संभव सहायता समय से उपलब्ध कराई जाए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि पुलिस प्रशासन भी प्रशासनिक तंत्र के साथ मिलकर ठंड से बचाव के कार्यों में सहयोग कर रहा है। रात्रि गश्त के दौरान जरूरतमंदों की पहचान कर उन्हें कंबल एवं सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। कंबल पाकर लाभार्थी महिलाओं के चेहरों पर खुशी झलक उठी। उन्होंने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कड़ाके की ठंड में यह सहायता उनके लिए बड़ी राहत है। कार्यक्रम के दौरान सीडीओ बाल गोविंद शुक्ल, सीएमओ डॉ संतोष चक, एसडीएम श्याम मणि त्रिपाठी, तहसीलदार सुनील कुमार, अन्य अधिकारी गण आदि उपस्थित रहे।




