गाजीपुर : रिटायर्ड जज जे.एस. यादव का निधन

डॉ एके राय
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के सेवानिवृत्त जिला जज एवं पूर्व प्रमुख सचिव (न्याय) रहे जे.एस. यादव का एक जनवरी की रात 10:30 बजे निधन हो गया। वे सादात क्षेत्र के डहरमौवा कौड़ा गांव के मूल निवासी थे और वर्तमान समय में परिवार के साथ केशव बिहार कालोनी, पाण्डेयपुर वाराणसी में रहते थे। उन्होंने ग्रामीणांचल की शिक्षा हेतु बाबा गजाधर दास महिला कॉलेज की स्थापना कराई, जो आरंभिक काल में सादात निवासी साहूकार स्व. रामेश्वर दास के बगीचे में संचालित होने के उपरांत वर्तमान में आतमपुर छपरा में संचालित हो रहा है। इसके साथ ही बाबा गजाधर दास नर्सिंग कालेज का भी संचालन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की बालिकाओं को लाभ मिल रहा है। उनके निधन से जनपद की अपूरणीय क्षति हुई है। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।




