
गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के मुख्य चौक पर पीआरवी कर्मियों से बदसलूकी और हाथापाई करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कंधरापुर थाना में पीआरवी वाहन पर तैनात सच्चिदानंद अपने साथी चालक राजेश राय के साथ पेट्रोल लेने शहर के हर्रा की चुंगी पहुंचे । पेट्रोल भरवाकर दोनों पुलिसकर्मी शहर के मुख्य चौक पर किसी कार्य से पहुचे तभी बाइक सवार तीन युवकों ने एक ठेले से सामान खरीद रहे व्यक्ति से धक्का मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने पुलिस से मदद मांगी। जब सच्चिदानंद और उनके साथी बीच-बचाव करने पहुंचे तो मारपीट कर रहे तीनों युवक उनसे उलझ गए। देखते ही देखते दो और युवक आ गए और पांचों लोगों ने मिलकर पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस की वर्दी को पकड़कर खींचा, जिससे शर्ट की बटन टूट गई। इतना ही नहीं आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। सरकारी बाइक को नुकसान पहुँचाने की भी कोशिश की लेकिन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिससे आरोपी भाग निकले। पीआरवीकर्मी की शिकायत मिलने पर पुलिस ने अंकित सोनकर, मोनू सोनकर, सोनू सोनकर और दो अज्ञात के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।




