Slide 1
Slide 1
Blog

कानपुरः स्मार्ट सिटी नहीं, नरक सिटी बन गया शहर

विधायक के सड़क पर बने 20 फुट गहरे गड्ढे में उतरने के बाद जागा नगर निगम, बारिश से गंगा के किनारे टीला भी दरका, लोगों में दहशत, सीएम ग्रिड से बनने वाली सड़क का काम धीमा, गड्ढे और कीचड़ से गिर रहे वाहन सवार, सड़कों पर गड्ढे और जलभराव से दुकानदारी भी प्रभावित

गंगा किनारे दरका टीला, लोगों की जान खतरे में।
गंगा किनारे दरका टीला, लोगों की जान खतरे में।
सीएम ग्रिड से बनने वाली सड़क पर कीचड़ और गड्ढे।
सीएम ग्रिड से बनने वाली सड़क पर कीचड़ और गड्ढे।
विधायक के विरोध के बाद गहरे गड्ढे को भरने का काम शुरू।
विधायक के विरोध के बाद गहरे गड्ढे को भरने का काम शुरू।

शहर स्मार्ट सिटी तो नहीं बन सका लेकिन नरक सिटी जरूर बन गया है। बारिश में सड़कों पर 20 फुट गहरे गड्ढे हो जा रहे हैं। गंगा किनारे टीला धसक गया है। बिरहाना रोड पर एक जर्जर बिल्डिंग भरभरा कर गिर गई। हालांकि कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ। सीएम ग्रिड से बनने वाली सड़कों का तो बुरा हाल है। आएदिन वाहन चालक गड्ढों की वजह से गिरकर चोटहिल हो रहे हैं। नगर निगम में करोड़ों के भ्रष्टाचार की परतें खुलने से अब तो काम और धीमा हो गया है।

शहर में वीआईपी रोड पर गहरी सीवर लाइन के लिए पाइप दो साल पहले डाले गए थे। पाइप डालने के बाद नगर निगम न तो उसमें ठीक से मिट्टी भराता है और न ही प्रेशर मशीन से मिट्टी दबाई जाती है। इसकी वजह से बारिश में सड़क 20 फुट धंस गई। इस पर शुक्रवार को कैंट विधायक मोहम्मद हसन रूमी सीढ़ी लगाकर नीचे उतर गए थे। इसके बाद शनिवार को उस गड्ढे को भरने का काम नगर निगम ने शुरू किया है। शनिवार को बारिश की वजह से गंगा किनारे बाएं तरफ की टीला दरक गया है। टीले के ऊपर रहने वालों के लिए भी खतरा पैदा हो गया है।

बारिश से पहले नाली और नालों की ठीक से सफाई नहीं कराई गई। इसकी वजह से सड़कें बारिश में तालाब बन जा रही हैं। पानी भरा होने की वजह से वाहन चालकों को गड्ढों का पता नहीं चलता है जिससे वह गिरकर चोटहिल हो रहे हैं।

जाजमऊ में पुलिस चौकी मोड़ से गल्ला गोदाम वीआईपी रोड तक और अल्लाह हु अकबर मस्जिद से जेके चौराहे तक सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क बन रही है। इसके लिए आठ महीने पहले काम शुरू किया गया है। हालात यह है कि अभी तक पूरी तरह से पाइप तक नहीं डाले गए हैं। कीच़ड़ और गड्ढों की वजह से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जूता मार्केट के दुकानदार भी परेशान है। दुकानदार मोहम्मद अकरम, नाजिम, साजिद, आशीष, जफर अहमद का कहना है कि ईद के पहले से काम शुरू हुआ था। अभी तक कोई भी काम पूरा नहीं हुआ है। इसकी वजह से ग्राहक नहीं आ पा रहे हैं जिससे दुकानदारी प्रभावित हो गई है। यही हाल घंटा घर से परमट और किदवईनगर में बनने वाली सड़कों का है। नगर निगम और केडीए भी कुछ नहीं कर रहा है। लोगों का कहना है कि केंद्र, प्रदेश के साथ ही शहर की मेयर प्रमिला पांडेय भी भाजपा की हैं। सांसद और ज्यादातर विधायक भी भाजपा के हैं। इसके बाद भी शहर की दुर्दशा दूर नहीं हो रही है।

 

 

ASIF HUSAIN

ASIF HUSAIN EDITOR मैंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से हिंदी साहित्य में परास्नातक (मास्टर) करने के बाद ट्रांसलेशन में पीजी डिप्लोमा किया। इसके बाद पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया। 1997-98 में राष्ट्रीय सहारा में ट्रेनिंग की। इसके बाद 1998 में अमर उजाला कानपुर में ज्वाइन किया। अमर उजाला में कानपुर में रिपोर्टिंग की। गाजीपुर, चंदौली, भदोही, इटावा में ब्यूरोचीफ के पद पर रहा। इसके अलावा मुरादाबाद में संभल डेस्क प्रभारी रहा। झांसी में देहात डेस्क प्रभारी रहा। साथ में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग की। 2023-24 में अमर उजाला में सीनियर सब एडिटर पद से स्वैच्छिक रिटायरमेंट लिया। इसके बाद अपना यूट्यूब चैनल ‘ब्रिलियंट टाइम’ नाम से बनाया। वीकली अखबार भी इसी नाम से निकाला। ‘द्वाबा सम्राट हिंदी दैनिक’ में देश और विदेश पर लेख लिखे। वर्तमान में हिंदुस्तान संदेश से बतौर एडिटर जुड़ा हूं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button