Slide 1
Slide 1
भदोही

भदोही : जिला उपभोक्ता आयोग ने तीन उपभोक्ताओं को चेक सौंपे

तीनों वाद पूर्ण संतुष्टि पर निस्तारित

आफताब अंसारी
भदोही। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग भदोही द्वारा तीन उपभोक्ताओं को कुल 2,90,799 रु0 की धनराशि के चेक प्रदान किए गए तथा तीनों मामलों को पूर्ण संतुष्टि के आधार पर समाप्त कर दिया गया। रीडर स्वतंत्र रावत ने बताया कि श्रीमती रागिनी मिश्रा पत्नी डॉ. अजीत पाठक, निवासी सोनिया तालाब बाजार, गोपीगंज द्वारा आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी के विरुद्ध दो वाद 4 सितंबर 2025 को दाखिल किए गए थे। इन वादों में जिला उपभोक्ता आयोग द्वारा 7 नवंबर 2025 को निर्णय पारित करते हुए विपक्षी को आदेश दिया गया था कि वह दो माह के भीतर निर्णय का अनुपालन करते हुए राम मूर्ति अस्पताल में कराए गए इलाज के संबंध में देय धनराशि का भुगतान करे।
निर्णय के अनुपालन में विपक्षी कंपनी की ओर से अधिवक्ता प्रदीप कुमार श्रीवास्तव द्वारा 96,763 रु0 एवं 94,036 रु0 की धनराशि जिला उपभोक्ता आयोग में जमा की गई। यह धनराशि अध्यक्ष जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग संजय कुमार डे द्वारा परिवादिनी रागिनी मिश्रा के अधिवक्ता धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव की पहचान पर उन्हें प्रदान की गई, जिसके पश्चात दोनों वादों को पूर्ण संतुष्टि पर समाप्त कर दिया गया। वहीं तीरथ सरोज बनाम दुर्गा लक्ष्मी के वाद में जिला उपभोक्ता आयोग द्वारा तहसीलदार को निर्णय के अनुपालन हेतु धनराशि की वसूली कर जमा कराने का आदेश दिया गया था। बाद में दोनों पक्षों में आपसी सहमति हो जाने पर विपक्षी दुर्गा लक्ष्मी के प्रोपराइटर जगदीश पांडे द्वारा 1,00,000 रु0 की धनराशि तहसीलदार ज्ञानपुर के माध्यम से जिला उपभोक्ता आयोग में जमा कराई गई। उक्त धनराशि आज परिवादी तीरथ प्रसाद सरोज, निवासी वीरपट्टी पोस्ट गडरियापुर, जिला भदोही को उनके अधिवक्ता दिनेश कुमार उपाध्याय की पहचान पर प्रदान की गई। इस प्रकार जिला उपभोक्ता आयोग द्वारा तीन उपभोक्ताओं को कुल 2,90,799 रु0 की धनराशि के चेक प्रदान कर तीनों मामलों का एक साथ निस्तारण किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button