Slide 1
Slide 1
ब्रेकिंग न्यूज़

छठ के लिए घर लौट रहे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बस 40 फीट गहरी खाई में गिरी, 3 की मौत, 42 घायल 

लखनऊ । आगरा एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक लग्जरी बस पलटकर 40 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 42 यात्री घायल हो गए। घायलों में छोटे-छोटे मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर पारा थाना क्षेत्र में जीरो पॉइंट पर हुआ। यह जगह शकुंतला विश्वविद्यालय से करीब 1 किमी दूर है। फायर ब्रिगेड के मुताबिक, बिहार नंबर की बस BR 28 P 4332 राजस्थान के भिवाड़ी से छपरा (बिहार) जा रही थी। बस के मालिक गोपालगंज निवासी टुनटुन शाह बताए जा रहे हैं। बस में सवार सभी लोग छठ पर्व के लिए अपने-अपने घर जा रहे थे। यात्रियों के मुताबिक बस में करीब 60 लोग सवार थे। शुरुआती जांच में हादसे की वजह टायर फटना बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिसवाले मासूम बच्चों को गोद में लेकर एंबुलेंस में बैठाते नजर आए। 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी और SDRF की 2 टीमें रेस्क्यू में जुटीं।आलमबाग से 1 फायर टेंडर, सरोजनीनगर से 1 रेस्क्यू वेहिकल, हजरतगंज से MDRV (मल्टी डिजास्टर रेस्क्यू व्हीकल) मौके पर पहुंचा। स्थानीय पुलिस बल भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर मौजूद रहा। डीसीपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि अब तक की जानकारी के अनुसार बस में कुल 42 यात्री थे। इनमें 29 को लोकबंधु अस्पताल और 13 को KGMU भेजा गया है। लोकबंधु में 1 को पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया गया। एक की इलाज के दौरान मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि यहां 13 घायलों का इलाज किया जा रहा है। 1 मरीज ब्रॉट डेड लाया गया था। 2 की इलाज के दौरान मौत हो गई। लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे पर हादसों को रोकने के लिए प्लान बनाया जा रहा है। जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर लोकबंधु अस्पताल पहुंच गए हैं। यहां पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी घायलों को देखने पहुंचे हैं।
घायलों में 12 और मृतकों में से 1 की शिनाख्त हुई है। घायलों में वैशाली जिले की चांदनी, उनकी 2 साल की बेटी आरोही, 3 साल की संध्या, गोपालगंज के बलविंदर (45), जगदीश राम (47), औरंगाबाद के पप्पू तिवारी (19), छपरा के रामविलास (50), यूपी के आजमगढ़ के अभिषेक (26), देवलाश (39), महाराजगंज के श्यामदेव (24), देवरिया के साहिल निषाद और योगी घायल हैं। मृत दो लोगों में से एक का नाम शंकर रजक (63) है। वह बेगूसराय के गरहारा के रहने वाले थे। घायलों को लोकबंधु अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है। कम घायलों को फर्स्ट एड देकर आराम दिया गया है। घायलों ने अपना नाम-पता बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button