आजमगढ़: जिला कारागार में गूंजी देशभक्ति की गूंज,निकाली गई तिरंगा यात्रा

गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार की सुबह जिला कारागार में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ। इसमें जेल अधिकारियों और कर्मियों के साथ-साथ बंदियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जेल अधीक्षक आदित्य कुमार के नेतृत्व में यात्रा का शुभारंभ कारागार के प्रशासनिक भवन से हुआ। अधिकारियों, कर्मियों और बंदियों ने हाथों में तिरंगा थामकर पूरे जेल परिसर का भ्रमण किया। इसके बाद कारागार के आवासीय परिसर से होते हुए यह यात्रा मुख्य द्वार तक पहुंची। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे गूंजते रहे, जिससे पूरे वातावरण में देशभक्ति का माहौल बन गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जेलकर्मियों और बंदियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना था। जेल अधीक्षक ने कहा कि यह यात्रा देश के प्रति सम्मान और एकता का संदेश देने के लिए निकाली गई। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे जेलकर्मियों और बंदियों के दिलों में देशभक्ति की भावना और प्रबल होगी। इस अवसर पर जेलर आर. एन. गौतम, सभी डिप्टी जेलर और कारागार के कर्मचारी मौजूद रहे।




