पुलिस स्मृति दिवस पर गाजीपुर पुलिस ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मृति स्थल पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों के बलिदान को किया नमन
गाजीपुर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार 21 अक्टूबर को पुलिस लाइन परिसर में शहीद जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने शहीद स्मृति स्थल पर पहुंचकर देश के नागरिकों की सुरक्षा, राष्ट्र की अखंडता एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए प्राणों की आहुति देने वाले शहीद पुलिसकर्मियों और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस अधीक्षक ने शहीद स्मृति स्थल पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रसेवा के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले शहीद जवानों की वीरगाथा का उल्लेख करते हुए उनके त्याग एवं समर्पण को याद किया । कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन में उपस्थित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी शहीद स्मृति स्थल पर पुष्प अर्पित कर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के संदेश का वाचन कर उपस्थित पुलिसकर्मियों को सुनाया । इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, जनपद के सभी सर्किलों के क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शहीदों का बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है। उनका साहस, कर्तव्य के प्रति समर्पण और राष्ट्र के प्रति निष्ठा आने वाली पीढ़ियों को सदैव देशसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।
जिला संवाददाता विवेकानंद राय
गाज़ीपुर



