Slide 1
Slide 1
गाजीपुर

गाजीपुर : बाढ़ की आहट पर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों का लिया जायजा

राहत सामग्री, नाव, चारा-भूसा और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश

विवेकानंद राय / संवाददाता गाजीपुर । जनपद में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने जमानियां क्षेत्र के पक्का बलुआ घाट तथा सब्बलपुर कलां के कटान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। पक्का बलुआ घाट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने से पहले ही पर्याप्त मात्रा में राहत सामग्री, नाव तथा बचाव एवं राहत कार्यों में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए, ताकि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके बाद जिलाधिकारी ने सब्बलपुर कलां में कटान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ एवं कटान से प्रभावित होने वाले लोगों के लिए राहत सामग्री और नाव आदि की पर्याप्त व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित रहे। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान एवं स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र की स्थिति और उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली।
बाढ़ की स्थिति में पशुओं के प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने पर्याप्त मात्रा में चारा-भूसा की व्यवस्था पहले से करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ एवं कटान की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को बाढ़ से बचाव के प्रति जागरूक करने तथा संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गांव में ई-खसरा की स्थिति की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बाढ़ से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, जिससे आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जमानियां, तहसीलदार जमानियां सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button