चंदौली : 347 लोगों की निःशुल्क नियमित स्वास्थ्य जांच एवं एचआईवी जागरूकता शिविर का आयोजन

राजेंद्र प्रकाश
चन्दौली । उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी द्वारा जागरूकता शिविर का सफल आयोजन
ऑटो स्टैंड, मुगलसराय में उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी, लखनऊ के तत्वावधान में टी.आई. यू.पी.एन.पी. प्लस, चंदौली द्वारा नियमित स्वास्थ्य जांच एवं एचआईवी/एड्स जागरूकता तथा निःशुल्क जांच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में कुल 347 लोगों की निःशुल्क एचआईवी जांच की गई, जिसमें एक महिला एचआईवी पॉजिटिव पाई गई, जबकि शेष सभी की रिपोर्ट निगेटिव रही।
एचआईवी पॉजिटिव पाई गई महिला की पहचान को पूर्णतः गोपनीय रखते हुए, नियमानुसार आगे की पुष्टि जांच, परामर्श एवं उपचार हेतु संबंधित एआरटी सेंटर से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। शिविर के दौरान सभी लाभार्थियों को प्रशिक्षित काउंसलरों द्वारा आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही समुदाय के लोगों को एचआईवी/एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं तथा कुल 3780 कंडोम निःशुल्क वितरित किए गए। लोगों को संक्रमण के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय एवं सुरक्षित यौन व्यवहार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सतपोखरी सीएचओ सुश्री रेनू जी द्वारा लोगों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई तथा सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। इसके साथ ही एनसीडी स्क्रीनिंग, आभा कार्ड एवं अन्य महत्वपूर्ण बीमारियों के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर प्रोजेक्ट मैनेजर जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा “समुदाय को जागरूक करना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। समय पर जांच एवं सही जानकारी से एचआईवी को नियंत्रित किया जा सकता है। सभी लोगों से अनुरोध है कि नियमित स्वास्थ्य जांच शिविरों में भाग लें।”
शिविर में फील्ड ऑफिसर चौथी, सुश्री सोनी, सुश्री अर्चना, गुड्डू सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




